पंचायत दर्पण पर धुंधले बिल,लैनबधरी पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
रीवा : जिले के जनपद पंचायत सिरमौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लैनबधरी में सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत दर्पण पोर्टल पर पंचायत में कराए गए विभिन्न कार्यों से संबंधित बिल ऐसे तरीके से अपलोड किए जा रहे हैं, जिन्हें स्पष्ट रूप से पढ़ना और समझना मुश्किल है। इससे पंचायत के विकास कार्यों और भुगतान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत दर्पण का उद्देश्य ही पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों, खर्च और भुगतान की जानकारी को सार्वजनिक करना है। ऐसे में यदि पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेज ही धुंधले या अस्पष्ट दिखाई दें तो आम ग्रामीण आखिर यह कैसे पता लगाए कि किस कार्य पर कितना खर्च हुआ और भुगतान किस आधार पर किया गया?
ग्रामीणों का सीधा सवाल बिल साफ करने में आखिर दिक्कत क्या है?
ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पंचायत में कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्य नियमों के मुताबिक हैं और भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, तो बिलों को स्पष्ट और पढ़ने योग्य रूप में अपलोड करने में परेशानी क्यों होनी चाहिए? धुंधले बिलों के कारण पंचायत के खर्च और भुगतान से जुड़ी जानकारी आम लोगों की पहुंच से बाहर होती नजर आ रही है।
दस्तावेज से लेकर मौके तक हो जांच
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पंचायत दर्पण पर अपलोड किए गए बिलों की जांच के साथ-साथ पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल ऑनलाइन दस्तावेजों की औपचारिक जांच के बजाय यह भी देखा जाना चाहिए कि जिन कार्यों के नाम पर भुगतान किया गया, वे वास्तव में मौके पर हुए हैं या नहीं और उनकी गुणवत्ता कैसी है।
अब सवाल यह है कि जनपद पंचायत सिरमौर और पंचायत विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं? क्या पंचायत दर्पण पर अपलोड किए गए अस्पष्ट बिलों की जांच होगी और संबंधित पंचायत से स्पष्ट दस्तावेज सार्वजनिक कराए जाएंगे? ग्रामीणों की नजर अब संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.