स्वामित्व योजना में लापरवाही पर बड़ा प्रशासनिक प्रहार,रीवा में 15 पटवारी निलंबित
रीवा : रीवा जिले में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी अब रीवा जिले के 15 पटवारियों पर भारी पड़ गई है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर संबंधित एसडीएम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत पटवारियों को निर्धारित कार्य समय-सीमा में पूरा करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रशासन के अनुसार,संबंधित पटवारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों का अपेक्षित रूप से निर्वहन नहीं किया गया।इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की भी कथित तौर पर अवहेलना की गई। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने सीधे निलंबन की कार्रवाई की है।
इन 15 पटवारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए पटवारियों में बृजेश गुप्ता (लवर लक्ष्मणपुर),अभिनव तिवारी (अमिरती),सौरभ सिंह (इटार पहाड़), आशीष पांडे (उमरी), मधुर सिंह (मनिकवार), कौशल कोल (भौवार), इकबाल (व्योहरा), प्रकाश सोनी (रौरा), योगेश डाबर (जवा), निशांत नागवंशी (सूती), पुष्पराज सिंह (कोराव अमिलिया), नम्रता साहू (हर्दिकला), प्रशांत त्रिपाठी (मरैला), अजय पटेल (भटिगवां) और योगिता सिंह (बबैया) शामिल हैं।
नोटिस से आगे बढ़ा प्रशासन, सीधे निलंबन
इस कार्रवाई ने राजस्व अमले में भी सख्त संदेश दिया है कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही को अब केवल चेतावनी या नोटिस तक सीमित नहीं रखा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सौंपे गए सरकारी दायित्वों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना सामने आने पर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों के अधिकार और अभिलेखों से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में इसके क्रियान्वयन में लापरवाही को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए यह बड़ा कदम उठाया है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.