रीवा में नशे के कारोबार पर सेमरिया पुलिस का बड़ा प्रहार,2 कथित सप्लायर गिरफ्तार
रीवा - जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर सेमरिया पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो कथित सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,आरोपियों पर पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में 1680 नशीली टैबलेट, 20 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप और तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त किए जाने के बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए यह कार्रवाई की है।
15 हजार की टैबलेट, 8 हजार की कफ सिरप जब्त पुलिस के अनुसार
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई के दौरान राज सिंह निवासी दुवारी,उमेश सिंह और अंकित सिंह निवासी कुशवार तथा पवन रावत निवासी वार्ड क्रमांक 14, सेमरिया के कब्जे से 210 पत्तों में रखी 1680 नग PYEEVON SPAS PLUS टैबलेट बरामद की गईं। इनकी कीमत 15,588 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 8 हजार रुपये कीमत की 20 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप और करीब 80 हजार रुपये कीमत की काले रंग की स्कूटी क्रमांक MP17SA8292 भी जब्त की गई। पूछताछ में सामने आए सप्लाई नेटवर्क के नाम
पुलिस का कहना है कि शुरुआती कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान विपिन सिंह निवासी ग्राम कोटा और अमृतलाल कुशवाहा उर्फ रिंकू निवासी ग्राम हरदुआ के नाम सामने आए थे। आरोपियों के कथनों के आधार पर पुलिस ने दोनों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अमृतलाल कुशवाहा उर्फ रिंकू ने राज सिंह और उसके साथियों को बिक्री के लिए नशीली टैबलेट देने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी दी है।
नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की चुनौती
नशीली टैबलेट और कफ सिरप का अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी अहम है कि नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक ललन सिंह नेताम, सहायक उपनिरीक्षक रामशिरोमणि सिंह बघेल, आरक्षक शिवम सिंह, हेड कांस्टेबल आशीष विश्वकर्मा, आरक्षक संजय मांझी, विवेक सिंह, जितेंद्र बागरी और विक्रम वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.