स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी,सेमरिया के बधरा में ग्रामीणों में आक्रोश
रेवा - मध्यप्रदेश के रीवा जिले की सेमरिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बधरा में निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सेमरिया नायब तहसीलदार द्वारा निरीक्षण के दौरान स्थगन आदेश दिए जाने के बावजूद अनावेदक इंदरारमण एवं कमलेश पांडेय द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा जा रहा है। इसको लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस को दिया लिखित आवेदन,फिर भी नहीं रुका काम
ग्रामीणों के मुताबिक,निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए सेमरिया थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया था। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डायल 112 की टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि इसके बावजूद निर्माण कार्य की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया और काम जारी है।
आदेश का पालन कराने की जिम्मेदारी किसकी?
ग्रामीणों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि राजस्व अधिकारी द्वारा निर्माण कार्य पर स्थगन आदेश जारी किया गया है,तो उसका पालन सुनिश्चित क्यों नहीं कराया जा रहा है? ग्रामीणों का कहना है कि जब आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायत की जा रही है, तो संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार
ग्राम पंचायत बधरा में उपजे इस विवाद को लेकर ग्रामीणों की नजर अब राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। ग्रामीण चाहते हैं कि स्थगन आदेश के पालन की स्थिति स्पष्ट की जाए और शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि विवाद को आगे बढ़ने से रोका जा सके। अब सवाल यह है कि क्या संबंधित अधिकारी स्थगन आदेश का पालन सुनिश्चित कराएंगे या ग्रामीणों को कार्रवाई के लिए इंतजार करना पड़ेगा?
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.