लालच देकर सोने-चांदी के जेवरात हड़पने का आरोप, सेमरिया पुलिस ने छोटू खान को दबोचा,दूसरा आरोपी अब भी फरार!
रेवा : खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से है जहां पर लोगों को लालच देकर सोने-चांदी के जेवरात लेना और फिर उन्हें वापस नहीं करना ,ऐसे ही एक मामले में सेमरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपी छोटू खान उर्फ मोहम्मद हयात को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,आरोपी के कब्जे से चांदी जैसी धातु की दो पायल भी जब्त की गई हैं। मामले में शामिल दूसरा आरोपी भैयन कबाड़ी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
15 जून 2025 को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,15 जून 2025 को छोटू खान निवासी ग्राम चौरा और भैयन कबाड़ी निवासी कस्बा सेमरिया के खिलाफ लालच देकर सोने-चांदी के जेवरात लेने और वापस नहीं करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर सेमरिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विश्वसनीय सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
मामले में फरार चल रहे आरोपी छोटू खान उर्फ मोहम्मद हयात (28), पिता मोहम्मद आजाद सिद्दिकी, निवासी ग्राम चौरा,पोस्ट बरा, थाना सेमरिया,जिला रीवा को विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसके कथित मेमोरेंडम कथन दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। उसके कब्जे से चांदी जैसी धातु की दो पायल जब्त की गईं। इसके बाद विधिवत गिरफ्तारी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
दूसरा आरोपी अब भी फरार, तलाश जारी
इस मामले में भैयन कबाड़ी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि फरार आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आता है और मामले की विवेचना में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में सेमरिया थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई की। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक आशीष विश्वकर्मा, आरक्षक विक्रम वर्मा, अनमोल श्रीवास्तव और विवेक सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.