रीवा में सट्टेबाजों पर अमहिया पुलिस का शिकंजा,दो आरोपी पकड़े गए!
रीवा : शहर में अवैध सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अमहिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक,प्रकाश चौराहा स्थित पार्किंग में सट्टा पर्चियां काटे जाने की सूचना पर टीम ने दबिश दी और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से सट्टा पर्चियां, 1140 रुपये नकद और पेन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राजेश लखेरा, निवासी तरहटी,रीवा और लाला उर्फ मोहम्मद आमीन, निवासी घोघर, रीवा के रूप में बताई है। दोनों के विरुद्ध पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मुखबिर की सूचना पर दबिश,घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रकाश चौराहा पार्किंग में दो व्यक्ति कथित रूप से अवैध सट्टा पर्चियां काट रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अमहिया थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज गौतम ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी। घेराबंदी के बाद दोनों व्यक्तियों को पकड़कर उनके कब्जे से सट्टा पर्चियां और नकदी बरामद की गई।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ.गुरकरन सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी और नगर पुलिस अधीक्षक आलोक वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज गौतम, सहायक उपनिरीक्षक मनोज प्रजापति, आरक्षक विकास तिवारी, शंकरदत्त जायसवाल और अनुज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बड़ा सवाल सट्टे के नेटवर्क पर कब तक चलेगा अभियान?
अमहिया पुलिस की कार्रवाई के बीच शहर में अवैध सट्टे के कारोबार को लेकर कई सवाल भी खड़े होते हैं। क्या प्रकाश चौराहा पार्किंग तक ही यह गतिविधि सीमित थी, या शहर के अन्य इलाकों में भी इस तरह का कारोबार संचालित हो रहा है? क्या पुलिस ऐसे कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल करेगी?
अब देखना यह होगा कि पुलिस की यह कार्रवाई अवैध सट्टे पर प्रभावी अंकुश लगाने में कितनी कारगर साबित होती है और शहर में सक्रिय संभावित नेटवर्क तक जांच पहुंचती है या नहीं।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.