नियुक्ति आदेश और सेवा पुस्तिका के हस्ताक्षरों में अंतर का आरोप,शिकायत प्रतिवेदन में जिला शिक्षा अधिकारी अथवा संयुक्त संचालक से विस्तृत जांच कराने की अनुशंसा!
रेवा : खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से है जहां पर शासकीय शिक्षा महाविद्यालय रीवा में पदस्थ सहायक शिक्षक विज्ञान राजेश कुमार शुक्ला की नियुक्ति अब सवालों के घेरे में है। वर्ष 1992 में जारी नियुक्ति आदेश और सेवा पुस्तिका में दर्ज हस्ताक्षरों के बीच कथित अंतर ने नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता और अभिलेखों की प्रामाणिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला केवल हस्ताक्षरों के अंतर तक सीमित नहीं है, बल्कि नियुक्ति के समय लागू भर्ती नियमों और सक्षम नियुक्ति प्राधिकारी की भूमिका की जांच की मांग भी उठने लगी है।
इस संबंध में 23 अक्टूबर 2026 को शिकायत की स्थिति में दर्ज प्रतिवेदन में मामले की विस्तृत जांच कराने की आवश्यकता जताई गई है। प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से जिला शिक्षा अधिकारी अथवा संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा संभाग से अभिलेखों का परीक्षण कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने की अनुशंसा की गई है।
एक ही नियुक्ति, लेकिन हस्ताक्षरों पर सवाल!
शिकायत संबंधी प्रतिवेदन के अनुसार, राजेश कुमार शुक्ला की सेवा पुस्तिका के साथ संलग्न व्यक्तिगत अभिलेखों में प्राचार्य शासकीय शिक्षा महाविद्यालय रीवा द्वारा जारी नियुक्ति आदेश क्रमांक 1904, दिनांक 26 जून 1992 मौजूद है। वहीं सेवा पुस्तिका में उनकी उपस्थिति दर्ज होने की तारीख 29 जून 1992 अंकित है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि नियुक्ति आदेश जारी करने वाले अधिकारी के हस्ताक्षर और सेवा पुस्तिका में उपस्थिति दर्ज करने वाले अधिकारी के हस्ताक्षर एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नियुक्ति और कार्यभार ग्रहण से संबंधित अभिलेखों का विधिवत सत्यापन किया गया था? यदि हस्ताक्षरों में अंतर है तो उसकी वास्तविक वजह क्या है और इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
भर्ती नियमों का हवाला, नियुक्ति प्राधिकारी की भूमिका भी जांच के दायरे में
प्रतिवेदन में मध्यप्रदेश अराजपत्रित तृतीय श्रेणी शैक्षणिक सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम 1973 में किए गए संशोधन का उल्लेख किया गया है। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश क्रमांक एफ-7/20-33/बीस-4, भोपाल, दिनांक 21 मई 1991 और जे.डी. बांगड़िया की पुस्तक के तृतीय संस्करण के पृष्ठ क्रमांक 144 का हवाला दिया गया है।
प्रयोगशाला सहायक एवं सहायक शिक्षक विज्ञान के पदों पर नियुक्ति संबंधी प्रावधानों का उल्लेख करते हुए नियुक्ति प्राधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। ऐसे में यह जांच जरूरी हो जाती है कि वर्ष 1992 में लागू नियमों के अनुसार नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई थी या नहीं और नियुक्ति आदेश जारी करने वाला अधिकारी इसके लिए सक्षम था या नहीं।
अब विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग
प्रतिवेदन में राजेश कुमार शुक्ला के वर्तमान में भी इसी महाविद्यालय में सहायक शिक्षक विज्ञान के पद पर पदस्थ होने का उल्लेख करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अथवा संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा संभाग से विस्तृत जांच कराने को उचित बताया गया है।
अब शिक्षा विभाग के सामने कई अहम सवाल हैं—क्या वर्ष 1992 के मूल नियुक्ति आदेश का रिकॉर्ड सुरक्षित है? क्या सेवा पुस्तिका में दर्ज हस्ताक्षरों का मूल अभिलेखों से मिलान कराया जाएगा? क्या नियुक्ति के समय लागू भर्ती नियमों के अनुरूप सक्षम अधिकारी ने आदेश जारी किया था? और यदि अभिलेखों में कोई अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कौन करेगा?
34 साल पुराने अभिलेखों की जांच से ही खुलेगा सच
करीब 34 साल पुराने नियुक्ति प्रकरण में उठे सवालों को महज कागजी शिकायत मानकर नजरअंदाज करना उचित नहीं होगा। नियुक्ति आदेश, सेवा पुस्तिका, मूल हस्ताक्षर और उस समय लागू भर्ती नियमों का निष्पक्ष परीक्षण आवश्यक है। हालांकि, फिलहाल हस्ताक्षरों में अंतर का आरोप है, इसे प्रमाणित अनियमितता नहीं माना जा सकता।
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस शिकायत पर केवल औपचारिकता निभाता है या मूल अभिलेखों का सत्यापन कराकर नियुक्ति प्रक्रिया की वास्तविकता सामने लाता है। आखिर सरकारी पद पर नियुक्ति के दस्तावेजों को लेकर उठे सवालों का जवाब देना विभाग की जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.