रीवा में किराने की दुकान की आड़ में गांजे का कथित कारोबार! ग्राम बिडवा में खुलेआम बिक रही पुड़िया, आखिर चोरहटा पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ रही?

रीवा : गुटखा-सिगरेट की दुकान बनी नशे के कारोबार का ठिकाना? ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, युवा पीढ़ी पर मंडरा रहा नशे का खतरा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल!रीवा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस भले ही अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई के दावे कर रही हो, लेकिन चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिडवा से सामने आ रहे आरोप पुलिस के इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में किराने की छोटी दुकानों की आड़ में प्रतिबंधित गांजे की पुड़िया का अवैध कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय लोगों के मुताबिक इस गतिविधि की जानकारी गांव में आम है,लेकिन अब तक प्रभावी पुलिस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।

किराना दुकान के सामने सामान,अंदर कथित नशे का कारोबार!

ग्रामीणों के मुताबिक छोटी दुकानों पर तेल,साबुन, राजश्री,तानसेन,पान पराग, बीड़ी और सिगरेट जैसे सामान बेचे जाते हैं, लेकिन आरोप है कि इसी आड़ में गांजे की पुड़िया का लेन-देन भी किया जा रहा है। बताया जाता है कि ग्राहक किराने का सामान लेने के बहाने पहुंचते हैं और कथित तौर पर इशारों में नशे का सौदा तय होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में कथित रूप से गांजा कहां उपलब्ध है, इसकी जानकारी कई लोगों को है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब ग्रामीणों को इस गतिविधि की भनक है तो पुलिस का मुखबिर तंत्र आखिर क्या कर रहा है?

नशे की गिरफ्त में युवा, बिगड़ रहा गांव का माहौल

ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता गांव के युवाओं को लेकर है। उनका आरोप है कि गांजे की उपलब्धता के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। शाम होते ही कुछ दुकानों के आसपास संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगने की शिकायत भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का दावा है कि नशे की गतिविधियों से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है और चोरी, विवाद तथा असामाजिक गतिविधियों को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।

चोरहटा पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल!

अब सबसे बड़ा सवाल चोरहटा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर है। यदि ग्रामीणों के आरोप सही हैं तो आखिर अब तक संबंधित दुकानों की जांच क्यों नहीं हुई? क्या पुलिस को इस कथित कारोबार की जानकारी नहीं है, या फिर सूचना मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही?

- गांव में नियमित पुलिस गश्त क्यों नहीं बढ़ाई जा रही?
- संदिग्ध दुकानों की अचानक जांच क्यों नहीं हो रही?
- गांजे की सप्लाई कहां से हो रही है,इसकी पड़ताल क्यों नहीं की जा रही?
- क्या पुलिस बड़े सप्लायरों तक पहुंचने के लिए कोई ठोस कार्रवाई करेगी?
इन सवालों का जवाब चोरहटा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देना चाहिए।

एसपी से ग्रामीणों की दो टूक मांग

ग्राम बिडवा के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक रीवा और चोरहटा थाना प्रभारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच, संदिग्ध दुकानों की सघन तलाशी, अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और गांजे की सप्लाई चेन का पता लगाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस महज औपचारिक पूछताछ तक सीमित रहती है या फिर वास्तविकता सामने लाने के लिए ठोस कार्रवाई करती है। नशे के खिलाफ अभियान चलाने के दावों की असली परीक्षा अब ग्राम बिडवा में होगी। सवाल सिर्फ गांजे की पुड़िया बेचने का नहीं, बल्कि गांव की युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने का भी है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.