डिप्टी सीएम के लोकार्पण से पहले महापौर ने काटा फीता, रीवा में विकास कार्यों पर सियासी टकराव के संकेत
रीवा : रीवा में विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर सियासत गरमा गई है। जिस वाटर पावर प्लांट और पेयजल परियोजना का लोकार्पण शाम को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा किया जाना प्रस्तावित था,उससे पहले ही महापौर अजय मिश्रा बाबा ने दोपहर में फीता काटकर लोकार्पण कर दिया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उपमुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम से पहले महापौर को लोकार्पण की इतनी जल्दी क्यों थी? क्या यह महज संयोग है या फिर विकास कार्यों का श्रेय लेने की सियासी जंग?
दरअसल, रीवा शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत करोड़ों रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें 125.6 एमएलडी क्षमता का इंटेकवेल, 37 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र, एसटीपी और शहर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन शामिल हैं।
इन महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के हाथों शाम को प्रस्तावित बताया जा रहा था, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही महापौर अजय मिश्रा बाबा ने दोपहर में लोकार्पण कर दिया।
इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। सवाल उठ रहा है कि जब एक ही परियोजना के लोकार्पण के लिए उपमुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित था, तो महापौर ने उससे पहले ही लोकार्पण क्यों किया?
क्या प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम को लेकर कोई समन्वय नहीं था? क्या महापौर और उपमुख्यमंत्री के बीच प्रोटोकॉल को लेकर कोई स्थिति स्पष्ट नहीं थी? या फिर इस पूरे घटनाक्रम के पीछे विकास कार्यों का राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ है?
सबसे अहम सवाल यह भी है कि क्या प्रशासन को इस संभावित टकराव की जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी, तो समय रहते कार्यक्रमों में समन्वय क्यों नहीं बनाया गया?
विकास कार्य जनता के लिए होते हैं, लेकिन जब उनके लोकार्पण को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच ही पहले फीता काटने की स्थिति बन जाए, तो सवाल उठना लाजिमी है। अब देखना होगा कि रीवा के इस सियासी घटनाक्रम पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधि क्या जवाब देते हैं।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.