गुरु रविदास जयंती पर निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा, नेपाली फार्म तिराहे पर होगा भव्य स्वागत

ऋषिकेश - संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा पंजाब से शुरू होकर पांवटा साहिब के रास्ते संगठनात्मक जिला ऋषिकेश में प्रवेश करेगी। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का नेपाली फार्म तिराहे पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और समरसता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी भेदभाव रहित समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। यह यात्रा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। डॉ. अग्रवाल ने भाजपा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और समरसता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है।

बैठक में प्रदेश प्रवक्ता मनोज जखमोला, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, ऋषिकेश मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, श्यामपुर मंडल महामंत्री सतपाल राणा, पूर्व प्रधान सोबन कैंतुरा, विनय पासवान, पार्षद मुस्कान और निखिल बर्थवाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.