कलेक्टर ने जनसुनवाई में ही तय की सीमांकन की तारीख

सागर : जनता की समस्याओं के त्वरित और मौके पर निराकरण के लिए सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल का सख्त और संवेदनशील रुख एक बार फिर जनसुनवाई में देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान पहुंचे चार अलग-अलग आवेदकों की सीमांकन संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने न सिर्फ मौके पर ही समाधान निकाला, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की समय-सीमा भी तय कर दी।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जनसुनवाई में मौजूद एसएलआर (अधीक्षक भू-अभिलेख) और संबंधित तहसीलदारों को दो टूक निर्देश दिए कि आगामी 26 मई 2026 को हर हाल में इन चारों आवेदकों की भूमि का सीमांकन कार्य सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर के इस ऑन-द-स्पॉट फैसले से  परेशान आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली है।

इन 4 आवेदकों को मौके पर मिला समाधान, कलेक्टर ने तय की तारीख

लंबे समय से अपनी जमीन के सीमांकन के लिए परेशान हो रहे आवेदकों के मामलों में कलेक्टर मैडम द्वारा सीधे तारीख निर्धारित कर दी गई है। जनसुनवाई में तहसील जैसीनगर के अंतर्गत ग्राम टेकापार (सर्किल बिलहरा) से आए आवेदक श्री महेश कुमार मिश्र ने अपनी भूमि के सीमांकन का अनुरोध किया, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लिया। इसी तरह तहसील सागर ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम सिंगपुर (सर्किल परसोरिया) के निवासी श्री गोपालप्रसाद और ग्राम चतुर्भता (सर्किल सुरखी) की निवासी श्रीमती रामरानी के आवेदनों पर भी संवेदनशीलता से विचार किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील बंडा के अंतर्गत ग्राम बिज़री (सर्किल बंडा) से आए आवेदक श्री अशोक सिंह की समस्या का भी ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया। इन चारों ही मामलों में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट आदेश जारी करते हुए आगामी 26/05/2026 की तिथि सीमांकन के लिए तय कर दी है।

कलेक्टर ने कहा है कि जनता को अपने जायज हक और काम के लिए भटकना न पड़े। आगामी 26 मई को संबंधित हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक की संयुक्त टीम भेजकर इन चारों आवेदकों का सीमांकन कराएं और उसकी रिपोर्ट सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय को प्रस्तुत करें। कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

मंगलवार को आयोजित इस जनसुनवाई में जिले भर से आए सैकड़ों आवेदकों ने अपनी फरियाद रखी। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।

रिपोर्टर : लालसाहब लोधी 

 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.