प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में आशीर्वचन कार्यक्रम का आयोजन
सहरसा : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बनगांव रोड स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र शांति अनुभूति भवन में संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय आबू राजस्थान से वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका एवं महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका शारदा दीदी के पधारने पर आशीर्वचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम को संबोधित कर शारदा दीदी ने कहा कि आज समाज में व्याप्त समस्त बुराइयों का मूल कारण जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान एवं नैतिक मूल्यों का अभाव है। लोगों के अंदर इनके प्रतिजागरूकता की कमी और सद्मार्ग पर निरंतर चल पाने का नैतिक साहस न होना मानव मन को बुराइयों की तरफ़ और भी अधिक धकेलता जा रहा है। हम अपने वर्तमान मनोदशा की पहचान तभी कर सकते हैं जब हम अपने विचारों की गुणवत्ता पर ध्यान दें। इसके लिए मन को अंतर्मुखी करना आवश्यक है। हमारी सब पर नज़र है लेकिन स्वयं पर से नज़र हटी हुई है। आध्यात्मिकता हमें यही सिखाती है कि बाहरी बातों से अपना बुद्धियोग हटाकर स्वयं पर केंद्रित करना। ऐसा करने से अनावश्यक बातों का प्रभाव हमारी मनोदशा पर नहीं पड़ता, वरन् हमारी सकारात्मक मनोदशा का प्रभाव बाहरी परिस्थितियों पर पड़ने लगता है। आज हम बाहरी परिस्थितियों के प्रभाव में दबते चले जा रहे हैं और हमारी स्व स्थिति बिगड़ती चली जा रही है। जब स्व स्थिति शक्तिशाली होगी तो परिस्थितियां स्वतः हमारे पक्ष में होती जायेंगी। हमारे अंदर हर परिस्थिति पर विजय प्राप्त करने की शक्ति है- ऐसा हम अनुभव करने लगेंगे। ईश्वरीय विश्व विद्यालय के द्वारा स्व सशक्तिकरण का ज्ञान विश्व भर में दिया जा रहा है जिसका लाभ लाखों भाई-बहन प्रतिदिन ले रहे हैं।स्थानीय सेवाकेंद्र प्रभारी स्नेहा बहन ने सहरसा की धरनी पर पधारने पर उन्हें समस्त कोशी वासियों की ओर से आभार प्रकट किया।इसके उपरांत दीदीजी का चुनरी, माला और मुकुट से सम्मान किया गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से कर्नल रविशंकर, शिव शंकर भाई, मदन भाई, चंद्र प्रकाश भाई, शत्रुघ्न भाई, जयप्रकाश भाई, मनोज भाई, सदानंद भाई सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : अजय कुमार

No Previous Comments found.