गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री तैयार करने विषय विशेषज्ञ शिक्षक आनंद कुमार झा हुए चयनित
सहरसा : निदेशक राज्य शिक्षा शोध व प्रशिक्षण परिषद पटना के निर्देशन में पीएम ई विद्या के अंतर्गत कक्षा एक से बारहवीं तक के छात्र छात्राओं के लिए सभी विषयों का ई-कंटेंट निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री तैयार करने हेतु विषय विशेषज्ञ के रूप में कक्षा 9 से 12 तक के हिंदी विषय में कंटेंट तैयार करने हेतु राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित पीएम श्री उच्च विद्यालय सहसौल के शिक्षक आनंद कुमार झा का चयन किया गया है। श्री झा इससे पूर्व भी बिहार शिक्षा परियोजना और एससीईआरटी के कई विषयों के मास्टर प्रशिक्षक रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि पीएम ई विद्या का प्रमुख उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के हरेक वर्ग तक पहुंच सुनिश्चित कराना है। शिक्षा सभी का अधिकार है और इस क्रम में वैसे सुदूरवर्ती इलाकों में बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना जहां इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे बच्चों के लिए डीटीएच टीवी चैनल के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है।साथ ही साथ वे छात्र-छात्राएं जो किसी कारणवश विद्यालय की मुख्यधारा से जुड़ नहीं पा रहे है, वो घर पर या अपने कार्यस्थल पर मोबाइल, टीवी व डीटीएच के माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं। यह पहल उन विद्यालयों के लिए भी अत्यंत उपयोगी है जहां शिक्षकों की कमी है, वहां मोबाइल टीवी और स्मार्ट क्लास के माध्यम से बड़े स्तर पर बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। श्री झा के इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचन्द्र, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शालिनी जागृति के साथ साथ समस्त शिक्षकगण ने बधाई दी।
रिपोर्टर : अजय कुमार


No Previous Comments found.