सीनेट सदस्य नें मुख्यमंत्री से वेतन एवं पेंशन के शीघ्र भुगतान की मांग

सहरसा - भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ इकाई, एम एल टी कॉलेज, सहरसा के सचिव सह सीनेट सदस्य डॉ. संजीव कुमार झा ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लंबित वेतन एवं पेंशन के अविलंब भुगतान की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राज्य के विश्वविद्यालयों में मार्च माह से वेतन एवं पेंशन का भुगतान लंबित है, जिसके कारण शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। दैनिक जीवन-यापन, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के संचालन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों के लिए समयबद्ध शैक्षणिक कैलेंडर लागू किया गया है, जिससे नामांकन, कक्षाओं का संचालन, परीक्षा एवं परीक्षा परिणाम प्रकाशन जैसी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो सकें। इसी प्रकार शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के वेतन एवं पेंशन भुगतान की भी समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।डॉ. झा ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में लंबित वेतन एवं पेंशन का अविलंब भुगतान कराया जाए तथा भविष्य में प्रत्येक माह समय पर वेतन एवं पेंशन भुगतान की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को अनावश्यक आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.