मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एनडीए के जिला अध्यक्षों की बैठक में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की सहरसा जिला अध्यक्ष अर्चना आनंद हुई शामिल

सहरसा : आज 10 जुलाई को लोक सेवक भवन मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एनडीए के जिला अध्यक्षों की बैठक में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) की जिला अध्यक्ष अर्चना आनंद ने बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर महिषी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत वीरगांव सहित दर्जनों पंचायतों की जर्जर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत की मांग प्रमुखता से उठाई। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत आवेदन पत्र भी सौंपा।

अर्चना आनंद ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र की जनता को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जनहित को देखते हुए संबंधित सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए।
बैठक के बाद अर्चना आनंद ने कहा कि आज का दिन महिषी विधानसभा क्षेत्र, विशेषकर ग्राम पंचायत वीरगांव की जनता के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा, "वीरगांव सहित दर्जनों पंचायतों की सड़क निर्माण की मांग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के समक्ष रखने का अवसर मुझे क्षेत्र की जनता के विश्वास और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से प्राप्त हुआ है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री जी इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की जनता को राहत प्रदान करेंगे।"
अर्चना आनंद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी, आदरणीय उपेन्द्र कुशवाहा जी तथा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी जनसमस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाती रहेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।

रिपोर्टर : अजय कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.