सहरसा के औद्योगिक विकास को मिली नई गति, बिहार मंत्रिमंडल ने 420.625 एकड़ भूमि अधिग्रहण हेतु ₹88.01 करोड़ की स्वीकृति दी
सहरसा : बिहार सरकार द्वारा जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी महत्व का निर्णय लिया गया है। बिहार मंत्रिमंडल द्वारा उद्योग विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए सहरसा जिला अंतर्गत कहरा अंचल के बनगांव एवं देवनागोपाल मौजा में कुल 420.625 एकड़ भूमि के अधिग्रहण तथा इसके लिए ₹88,01,13,847 अट्ठासी करोड़ एक लाख तेरह हजार आठ सौ सैंतालीस रुपये की राशि के व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह भूमि अधिग्रहण बिहार आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण वियाडा के माध्यम से किया जाएगा।जिससे सहरसा जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस निर्णय से कोसी क्षेत्र में निवेश, रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।उल्लेखनीय है कि सहरसा में पदस्थापन के बाद जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं औद्योगिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में प्रत्येक शनिवार विद्यालयों मे सप्ताहिक जांच परीक्षा एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा, स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग तथा जिला अस्पताल सहरसा में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।इसी प्रकार रेलवे ओवरब्रिज, पूरब बाजार ढाला पर यातायात सुधार, राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 327E एवं एनएच 107 से संबंधित विकास कार्यों की सतत निगरानी तथा प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से जिले में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ा है।जिला पदाधिकारी श्री कुमार द्वारा राज्य सरकार के समक्ष सहरसा में औद्योगिक निवेश की आवश्यकता, उपलब्ध भूमि संसाधनों तथा रोजगार की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए जाने के फलस्वरूप यह महत्वपूर्ण निर्णय संभव हो सका है। उनके सतत प्रयासों एवं दूरदर्शी नेतृत्व के कारण सहरसा आज विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।बिहार सरकार द्वारा स्वीकृत यह औद्योगिक परियोजना न केवल सहरसा बल्कि सम्पूर्ण कोसी क्षेत्र के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित होंगे तथा क्षेत्र में व्यापार, परिवहन, सेवा क्षेत्र एवं सहायक उद्योगों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।सहरसा जिला प्रशासन ने बिहार सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि यह निर्णय जिले को औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
रिपोर्टर : अजय कुमार
No Previous Comments found.