ट्रांसफार्मर जलने से डिहुली के वार्ड 11 व 12 में अंधेरा, 48 घंटे तक बिजली बहाली की संभावना
समस्तीपुर : अंगारघाट पंचायत अंतर्गत डिहुली के वार्ड संख्या 11 एवं वार्ड संख्या 12 के कुछ हिस्सों में शनिवार रात ट्रांसफार्मर जल जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली नहीं रहने से लोगों को पूरी रात अंधेरे और भीषण गर्मी-उमस के बीच बितानी पड़ी। बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण घरों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई और भीषण उमस के चलते बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं पूरी रात चैन से सो नहीं सके। पूर्व मुखिया पति रमेश शर्मा, गणेशी साह, नरेश साह, सुरेश साह, सुशीला देवी, वार्ड सदस्य राजकुमार तथा अरुण महतो ने बताया कि वर्तमान समय में अधिकांश घरेलू कार्य बिजली पर निर्भर हैं। ऐसे में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर बिरनामा फीडर, देसुआ के कनीय अभियंता अमित कुमार ने बताया कि लाइनमैन द्वारा जांच में ट्रांसफार्मर जलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद बिना विलंब आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर दी गई है और नया ट्रांसफार्मर मुजफ्फरपुर से मंगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने और उसे स्थापित करने में लगभग 48 घंटे का समय लग सकता है।
कनीय अभियंता अमित कुमार ने कहा, "उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए हमारी टीम लगातार प्रयास कर रही है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। उपभोक्ताओं की परेशानी हमारी भी परेशानी है। इस असुविधा के लिए हमें खेद है।" वहीं, ग्रामीणों ने शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
रिपोर्टर : डॉ. प्रवीण प्रकाश
No Previous Comments found.