गणेश पूजा पर बच्चों ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग, मीडिया प्रतिनिधियों का हुआ सम्मान।

समस्तीपुर : विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के नरहन में गणेश पूजा के अवसर पर वान्या इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक, लोक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। मंच संचालन साकेत कुमार एवं दीक्षा साहनी ने आकर्षक एवं प्रभावशाली अंदाज में किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र राय, निरंजन कुमार, प्रशांत रंजन, सविता कुमारी, रजनी कुमारी, रौशन कुमार, पंकज कुमार सहित अतिथियों अंकित कुमार, नितीश, सुमन एवं सुधांशु कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी खबरों को समाज तक पहुंचाने वाले प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को विद्यालय परिवार की ओर से मिथिला परंपरा के अनुसार चादर-पाग, माला तथा डायरी-कलम देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरुषि, माही, फलक, छोटी, मुस्कान, मीनाक्षी, हर्षिता, अनन्या, प्राची, जीविका, सौरभ, तनवीर, साहिल, मयंक, प्रांजल सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा, सामाजिक संदेश और मनोरंजन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। खासकर ‘झिझिया मिक्स’, ‘सामा-चकेवा’ और ‘जिया ए बिहार के लाला’ जैसे लोकगीतों पर बच्चों की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों और अभिभावकों को खूब उत्साहित किया।
विद्यालय के निदेशक निरंजन कुमार ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को केवल कक्षा तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें मंच और अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर : राजेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.