जननायक लोक दल का बिहार में कोई विकल्प नहीं: रवि कुमार

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर :  जननायक लोक दल की कार्यकर्ता बैठक रविवार को विद्यापतिनगर प्रखंड के हरपुर बोचहा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 07 निवासी अशोक कुमार राय के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अशोक कुमार राय ने की, जबकि संचालन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद सिंह ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि बिहार में जननायक लोक दल एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रहा है। पार्टी के संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा और नीतियों से जोड़ने की अपील की।

रवि कुमार ने कहा कि जननायक लोक दल समाज के वंचितों, शोषितों, गरीबों, किसानों, नौजवानों और महिलाओं के हक एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा। पार्टी का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनका अधिकार दिलाना तथा समाज में समानता और न्याय की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान के सिद्धांतों का पालन करते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने और विकसित बिहार के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार के साथ जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने और आम लोगों के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बैठक में पार्टी संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। मौके पर अनर देवी, जानकी देवी, मुकेश राय, गौरी शंकर राय, रुदल सहनी, विष्णु शर्मा, सुरेश शर्मा, शिवम कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : डॉ. प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.