कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक सम्पन्न, दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
संतकबीरनगर :जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा संयुक्त रुप से आगामी पर्व महाशिवरात्रि को सकुशल सम्पन्न कराने के दृश्टिगत , कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक सम्पन्न, दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार*, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना*, द्वारा अपर जिलाधिकारी संतकबीरनगर जयप्रकाश*, अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह*, की उपस्थिति में संयुक्त रुप से आगामी पर्व महाशिवरात्रि के दृष्टिगत जनपद संतकबीरनगर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया । बैठक के दौरान जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों एवं मेला स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन कैमरे की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, अस्थायी चिकित्सा शिविर, फायर ब्रिगेड की तैनाती तथा साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई ।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए । मंदिर परिसरों एवं मेला स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर लें । पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संदिग्ध व्यक्तियों/वस्तुओं की सघन चेकिंग, भीड़ प्रबंधन हेतु प्रभावी बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन प्लान का अनुपालन तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए ।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें ।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय, पीआरओ पुलिस अधीक्षक श्री पी.के. गुप्ता, सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

No Previous Comments found.