आरपीएस एकेडमी के आयुष तिवारी ने अखिल भारतीय वूशु प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
सतना : अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षा संस्थान द्वारा नागपुर में आयोजित अखिल भारतीय वूशु प्रतियोगिता में आरपीएस मार्शल आर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी के होनहार सीनियर खिलाड़ी आयुष तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। मध्य क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए आयुष ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में आयुष ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मणिपुर के खिलाड़ी को पराजित किया। इसके बाद सेमीफाइनल में हरियाणा के खिलाड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में उनका सामना राजस्थान के खिलाड़ी से हुआ। कड़े संघर्ष के बाद मामूली अंतर से मिली हार के चलते आयुष को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भी जीता था स्वर्ण पदक
आयुष तिवारी की यह उपलब्धि उनके निरंतर बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले भोपाल में आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भी आयुष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। क्षेत्रीय स्तर पर स्वर्ण और अखिल भारतीय स्तर पर रजत पदक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
आयुष के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सेंसाई अंबुज सिंह ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम बताया।
विद्यालय और एकेडमी परिवार ने दी बधाई
आयुष तिवारी की इस सफलता पर सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कृष्णनगर के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, सचिव प्रदीप कुमार ताम्रकार, प्राचार्य मुद्रिका प्रसाद दुबे एवं खेल प्रमुख शिवनारायण शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
इसी क्रम में आरपीएस एकेडमी के राज ललन सिंह, शैंकी कैला, पदम रंजन मिश्रा, संजीव मिश्रा, रामायण सिंह परिहार, राजनीत दिनकर, अभिमन्यु सिंह, आदित्य प्रताप सिंह एवं नमन उपाध्याय सहित एकेडमी की डायरेक्टर श्रीमती अन्नू रामायण प्रताप सिंह ने भी आयुष की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि आयुष आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सतना का नाम रोशन करेंगे।
रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश सिंह

No Previous Comments found.