धर्मकांटे की गड़बड़ी पर भड़के व्यापारी, लाड़कुई मंडी में नीलामी कार्य बंद

भैरूंदा : लाड़कुई कृषि उपज मंडी में धर्मकांटे पर कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है। तुलाई में गड़बड़ी और किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने नीलामी कार्य बंद कर दिया। इस संबंध में व्यापारियों ने मंडी सचिव को आवेदन सौंपकर संबंधित धर्मकांटा संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

व्यापारियों का आरोप है कि मंडी परिसर में संचालित साईं इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे पर तुलाई के दौरान वास्तविक वजन से अधिक वजन की पर्चियां बनाई जा रही हैं। धर्मकांटा तुलावट सुमित द्वारा उपज का वजन बढ़ाकर दर्ज किए जाने की शिकायत सामने आई है। व्यापारियों और किसानों के अनुसार, 32 क्विंटल उपज का वजन पर्ची में 34 से 35 क्विंटल तक दर्शाया जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
व्यापारियों ने मंडी प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धर्मकांटा तुलावट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक मंडी में नीलामी कार्य शुरू नहीं किया जाएगा।

धर्मकांटे की जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें

मंडी में तुलाई व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मंडी प्रबंधन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और किसानों को कथित गड़बड़ी से कब राहत मिलती है।

रिपोर्टर : संजय कलमोर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.