तरियानी में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत, एम्बुलेंस नहीं रहने पर अस्पताल में मचा बवाल

शिवहर - तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत छतौनी पंचायत स्थित विशहर स्थान के समीप आज एक दुखद सड़क हादसे में 45 वर्षीय मौजे पासवान की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृन्दावन साहू टोली निवासी स्व. नथुनी पासवान के पुत्र मौजे पासवान टेम्पू पर सवार थे, तभी विशहर स्थान के पास एक तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर टेम्पू सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे मौजे पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तरियानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में काफी हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते एम्बुलेंस उपलब्ध होती और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया होता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। अस्पताल में संसाधनों की कमी और एम्बुलेंस की अनुपलब्धता ने परिजनों के आक्रोश को और बढ़ा दिया। मौजे पासवान की असामयिक मृत्यु ने उनके परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। वे अपने पीछे एक बेटा और पांच बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह सदमा इसलिए भी बहुत बड़ा है क्योंकि ठीक एक साल पहले ही मौजे पासवान की पत्नी का भी निधन हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवहर भेज दिया गया। फिलहाल स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.