मुहर्रम पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं----एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह

शिवहर - मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शिवहर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में आज संवाद कक्ष में पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्त किए गए सभी दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

​ बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक  शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि मुहर्रम के दौरान जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने अलर्ट जोन में पूरी तरह सक्रिय रहें। संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस गश्त  सुनिश्चित की जाएगी।शांति भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती और असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भ्रामक खबरों और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जिला प्रशासन की आईटी सेल पैनी नजर रख रही है। इस महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक की खास बात यह रही कि इसमें जिले के सभी प्रखंडों के जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जमीनी हकीकत से प्रशासन को अवगत कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी-अपनी महत्वपूर्ण राय साझा की। "पर्व-त्योहारों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और आपसी भाईचारा हमारी संस्कृति रही है।जनप्रतिनिधियों के सुझावों को अमल में लाते हुए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम करेगा।"

बैठक के समापन पर सभी संबंधित अधिकारियों को समय से अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने जिलावासियों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मुहर्रम पर्व को आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.