डीएम ने किया बागमती नदी के संवेदनशील तटबंधों का निरीक्षण, बाढ़ पूर्व तैयारियों का लिया जायजा

शिवहर - जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिले में संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने और बाढ़ पूर्व तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी ने अपनी टीम के साथ बागमती नदी के दाएं एवं बाएं तटबंधों सहित कई अति संवेदनशील क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया। ​निरीक्षण के क्रम में बेलवा घाट,मोहारी, डुब्बा घाट,तरियानी छपरा एवं अन्य संवेदनशील तटों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने बागमती प्रमंडल के सभी कनीय एवं कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बागमती तटबंधों की सतत (24x7) निगरानी की जाए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी तटबंध पर कटाव या रिसाव की सूचना प्राप्त होने पर बिना किसी विलंब के त्वरित और उचित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने तथा आम लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष माइक्रो-प्लान लागू किया गया है। इसके तहत:​तटबंधों पर हर 5 किलोमीटर की दूरी पर 1 जिला स्तरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।सूक्ष्म स्तर पर निगरानी के लिए हर 1 किलोमीटर पर 1 चौकीदार को तैनात किया गया है। यह टीम तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को बाढ़ से बचाव के लिए निरंतर जागरूक करने का कार्य करेगी। आम जनमानस की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, जिला प्रशासन द्वारा दिनांक 13.07.2026 से 21.07.2026 तक नदी में सभी प्रकार की निजी नावों के संचालन पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाढ़ जैसी आपदा से बचाव और पूर्व तैयारियों के प्रति आम जनता को सजग करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा माइकिंग (Loudspeaker) का सहारा लिया जा रहा है। ऑटोरिक्शे के माध्यम से गाँव-गाँव और पंचायत स्तर पर सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोग किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर पहुँच सकें और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता- लोक शिकायत निवारण (ADM PGRO) अपर समाहर्ता- राजस्व (ADM REVENUE) अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ADMO तथा बागमती प्रमंडल के कनीय एवं कार्यपालक अभियंताओं सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.