खुरपट्टी खोर्ठा की बेटी तासकीन फातमा ने नीट में 548 अंक प्राप्त कर बढ़ाया जिले का मान
शिवहर - शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड अंतर्गत खुरपट्टी खोरठा गांव की होनहार छात्रा तासकीन फातमा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) में 548 अंक प्राप्त कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इस शानदार सफलता के साथ उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 39,109 हासिल की है। उनकी उपलब्धि से परिवार,गांव और पूरे शिवहर जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। तासकीन फातमा, खुरपट्टी खोरठा निवासी हाफिज मोहम्मद फिरोज की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम,अनुशासित तैयारी और अटूट आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। तासकीन की इस उपलब्धि पर हम सेकुलर पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तासकीन ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे शिवहर जिले का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि तासकीन भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी और जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
नीट में सफलता की खबर मिलते ही तासकीन के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों,शिक्षकों,रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.