राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शिवहर में प्रधानमंत्री के "नशा मुक्त युवा

शिवहर - राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शिवहर के सभागार में आज "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान" के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के ऐतिहासिक राष्ट्रीय वर्चुअल संबोधन का सफलतापूर्वक सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं,शिक्षकों,अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। यह अभियान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर "विकसित भारत 2047" के लक्ष्य की प्राप्ति में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय पंचायती राज मंत्री,बिहार सरकार दीपक प्रकाश उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी,उप विकास आयुक्त (DDC) शिवहर  संजय कुमार,ओ एसडी जिला पदाधिकारी  प्रेम सागर मिश्रा,एपीटी सचिव,शिवहर,जिला विकास पदाधिकारी  शिवहर,अनुमंडल पदाधिकारी डॉ अनंत कुमार,राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय,शिवहर के प्राचार्य, एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक (SAC,NSS) सहित शिवहर जिले के अनेक गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण,शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। 

इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों,विशेषकर महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति, कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा "नशा मुक्त भारत" के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए समाज में जन-जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अपने योगदान का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जन-जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय,शिवहर में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.