सहयोग शिविर की शिकायत पर जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई
शिवहर - जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं के सीधे और त्वरित निष्पादन के लिए आयोजित 'सहयोग शिविर' के अत्यंत सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में शिविर में प्राप्त एक शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए, शिवहर जिलाधिकारी ने पुरनहिया प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय चकफतेहा (कन्या) का स्थलीय निरीक्षण किया।यह त्वरित कार्रवाई जिला प्रशासन की शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही को दर्शाती है। विदित हो कि सहयोग शिविर में प्राप्त एक शिकायत पत्र समर्पित किया गया था जिसमें अवगत कराया गया था कि उक्त विद्यालय जो कि बांध के किनारे अवस्थित है,वहां बुनियादी ढांचे की भारी कमी है। विद्यालय के पास मात्र एक भवन है,जिसमें दो कमरे,एक कार्यालय और एक बरामदा है। जगह के अभाव में छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन कार्य इन्ही दो कमरों और बरामदे में संचालित है।
शिकायत प्राप्त होते ही जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए स्वयं विद्यालय परिसर का दौरा किया। स्थिति का जायजा लेने के बाद जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि: प्रशासन द्वारा विद्यालय के लिए अतिरिक्त भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। जैसे ही भूमि उपलब्ध हो जाएगी, बिना किसी विलंब के विभागीय स्वीकृति प्राप्त कर नए भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी का यह निरीक्षण और त्वरित संज्ञान इस बात का प्रमाण है कि 'सहयोग शिविर' केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं,बल्कि उनके धरातलीय समाधान का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रशासन की इस सकारात्मक पहल से विद्यालय के बच्चों,शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों में एक नई उम्मीद जगी है कि जल्द ही बच्चों को पढ़ने के लिए एक सुरक्षित और सुविधायुक्त नया भवन मिलेगा।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.