टपका बसंतपुर विद्यालय में कक्षा पांचवी एवं आठवीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह संपन्न

शाजापुर - शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय टपका बसंतपुर में कक्षा पांचवी के 11 एवं कक्षा आठवीं के 26 छात्र-छात्राओं के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कक्षा 1 से 4 एवं कक्षा 6-7 के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय परिसर में उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच सुनील सिंह मेवाड़ ने की। विशेष अतिथि के रूप में जन शिक्षक गिरीश नाथ एवं धर्मेंद्र यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ शिक्षक मानसिंह परमार, भगवत सिंह प्रजापति, किशोर सिंह राजपूत, श्रीमती अंजलि तिवारी, श्रीमती रोशन आरा, श्रीमती रेनू शर्मा, अतिथि शिक्षक श्रीमती रीना मालवीय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं गांव के वरिष्ठजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्री मेवाड़ ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे विद्यालय परिवार के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और हर संभव सहयोग प्रदान करते रहेंगे। विद्यालय परिवार की ओर से उनका हृदय से आभार व्यक्त किया गया। विदाई समारोह के दौरान कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को कक्षा 6 एवं 7 के छात्र-छात्राओं द्वारा तथा कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों को कक्षा 1 से 4 तक के छात्र-छात्राओं द्वारा स्मृति-चिन्ह एवं उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन ओ.पी. मेवाड़ ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती अंजलि तिवारी ने किया। समापन के उपरांत माध्यमिक विद्यालय परिसर में सभी छात्र-छात्राओं के लिए विशेष सहभोज की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

रिपोर्टर -  रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.