अकोदिया में रेलवे फाटक नंबर 72 पर हुआ डामरीकरण, लोगों को मिली राहत
शाजापुर : जिले के अकोदिया क्षेत्र में सुंदरसी मार्ग स्थित रेलवे फाटक नंबर 72 पर आखिरकार डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। लंबे समय से खराब मार्ग के कारण परेशान हो रहे स्थानीय लोगों को अब बड़ी राहत मिली है। बताया जा रहा है कि पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत आने वाले इस फाटक पर पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान फाटक पर गिट्टी और बड़े-बड़े ब्लॉक डाल दिए गए थे, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन बेहद कठिन हो गया था। आमजन को रोजाना समय और ईंधन दोनों की बर्बादी झेलनी पड़ रही थी। इस समस्या को “सी न्यूज भारत” के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया था। खबर प्रसारित होने के बाद रेलवे विभाग हरकत में आया और कार्य में तेजी लाई गई। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने पूर्व में जानकारी दी थी कि फाटक पर चल रहे कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि तय समय से कुछ देरी जरूर हुई, लेकिन लगभग तीन सप्ताह बाद यहां डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। डामरीकरण होने के बाद अब मार्ग सुगम हो गया है और लोगों को जाम व असुविधा से निजात मिल गई है। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए रेलवे विभाग और मीडिया का आभार व्यक्त किया है।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत


No Previous Comments found.