कालापीपल में भाजपा को झटका, ग्राम बटवाड़ी में कई कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल
शाजापुर : शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। ग्राम बटवाड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस ने दावा किया कि भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक कुणाल चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, ग्राम पंचायत बटवाड़ी के सरपंच चरण सिंह आंजना सेठ ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि सिर्फ 4-5 लोग ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं, जबकि बाकी लोग पहले से ही कांग्रेस से जुड़े थे।
पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने नए सदस्यों का कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया और कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, युवा और आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही और बढ़ती महंगाई से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई जारी रखेगी।
कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले अंतर सिंह ने कहा कि उन्होंने सोच-समझकर यह निर्णय लिया है। उनके अनुसार, व्यक्ति की कार्यशैली और जनता के प्रति व्यवहार सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि कुणाल चौधरी हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं, इसलिए उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने पंचायतों में पौधारोपण योजना को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंचायतों से 80-80 हजार रुपये लिए गए, करंज के पौधे दिए गए और कई स्थानों पर ग्रामीणों को पौधे भी नहीं मिले। उन्होंने मामले की जांच की मांग की।
इस अवसर पर गजेंद्र सिंह सिसोदिया, पूर्व सरपंच कुमेर सिंह मेवाड़, भगवत सिंह सोनगरा (नेताजी), संदीप चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
सरपंच ने किया कांग्रेस के दावे का खंडन
दूसरी ओर, ग्राम पंचायत बटवाड़ी के सरपंच चरण सिंह आंजना सेठ ने कांग्रेस के दावे को गलत बताते हुए कहा कि केवल 4-5 लोग ही कांग्रेस में गए हैं। उन्होंने कहा कि बाकी लोग पहले से ही कांग्रेस समर्थक थे और लगभग 20 लोगों के शामिल होने का दावा महज हवाबाजी कर माहौल खराब करने की कोशिश है।
राजनीतिक रूप से यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, कांग्रेस और ग्राम पंचायत के सरपंच के दावों में अंतर होने से शामिल होने वाले लोगों की वास्तविक संख्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने 40 लोगों को कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया, लेकिन ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र जेसीबी ने बताया कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं में अमर सिंह आंजना, अर्जुन आंजना, शिवचरण मेवाड़ रानी बडौद, कोमल आंजना, महेश आंजना, रवि आंजना, रूपेश आंजना, महेंद्र आंजना, गोविंद मिड़िया आंजना, चम्पा आंजना, कमल आंजना, रजनेश आंजना, शंभूदयाल आंजना, बंटी आंजना, वासुदेव आंजना, रूपेश आंजना, गिरीश आंजना, कल्याण आंजना, धीरज आंजना, धाकू आंजना और राजा आंजना लगभग 20 से 21 लोग शामिल हैं।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.