नई एसपी के आते ही पुलिस महकमे में हलचल, थाना प्रभारियों पर गिरी गाज
शाजापुर - जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के पदभार संभालते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। थाना प्रभारियों के फेरबदल की शुरुआत मक्सी थाना प्रभारी के बाद शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी को हटाए जाने से हुई, जिससे पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर स्पष्ट संदेश गया है। पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली को लेकर जिले में चर्चा है कि वे कानून व्यवस्था के मामलों में सख्त रुख अपनाए हुए हैं। आमजन के बीच यह संदेश भी तेजी से फैल रहा है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से समझौता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अब लोगों की निगाहें जिले के अन्य संवेदनशील मामलों पर भी टिकी हैं। विशेष रूप से अकोदिया में हुई करीब 82 लाख रुपये की चर्चित चोरी के मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इसको लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। वहीं अकोदिया क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों पर भी पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा है। इसी प्रकार शुजालपुर मंडी क्षेत्र में भी लंबे समय से यह आरोप लगाए जाते रहे हैं कि बस स्टैंड के आसपास कुछ कार्यालयों में पर्दे लगाकर सट्टे का कारोबार संचालित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित क्षेत्र पुलिस और एसडीओपी कार्यालय से अधिक दूर नहीं है,ऐसे में अब नई पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में इन शिकायतों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। हालांकि,इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस प्रशासन इन शिकायतों की जांच कर ठोस कार्रवाई करता है या नहीं। जिले में नई पुलिस अधीक्षक की शुरुआती कार्यवाही ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और कानून का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।
रिपोर्टर - रमेश राजपूत
No Previous Comments found.