राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में शुजालपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग
शाजापुर : मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर बुधवार को शुजालपुर में ब्लॉक कांग्रेस एवं कांग्रेस के विभिन्न संगठन प्रकोष्ठों के संयुक्त तत्वावधान में राहुल गांधी की गिरफ्तारी, जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज तथा पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर पार्क से काली माता मंदिर तक पैदल मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ता बीच सड़क पर धरने पर भी बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर केंद्र सरकार कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने इसे तानाशाहीपूर्ण रवैया बताते हुए कहा कि देशभर में पेपर लीक को लेकर छात्र, अभिभावक और आम जनता में भारी आक्रोश है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेना चाहिए था।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम और जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंगल सिंह राठौड़, पूर्व अभिभाषक संघ अध्यक्ष अजयपाल सिंह जादौन, प्रदेश सचिव गजेंद्र सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष अचल सिंह मेवाड़, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयंत सिकरवार, शहर अध्यक्ष रईस पठान, जिला महामंत्री बल्ला सोनी, अन्नू पठान, मनोहर जाटव, महेंद्र नाहर, अशोक अग्रवाल, विष्णु शर्मा, गौरव परमार, विशाल शर्मा, कैलाश कुशवाह, अजय मोर्टे, आलोक श्रीवास्तव, मोहन धनगर, रामनारायण परमार, अकरम खान, जसमत परमार, बसंत गुप्ता, संजय बरेठा, दिनेश कामदार, भोजराज परमार, खेमराज यादव, सुरेंद्र ठाकुर, अवधेश परमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.