जुआ खेलते 9 आरोपी गिरफ्तार, 63,600 रुपए नकद व जुआ सामग्री जब्त
शाजापुर : अकोदिया थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उंचोद गांव में दबिश देकर 9 आरोपियों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 63 हजार 600 रुपए नकद सहित जुआ सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अकोदिया थाना क्षेत्र के उंचोद गांव में आबिद लाला के मकान के अंदर कुछ लोग रुपए-पैसों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह राजपूत ने पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। मकान के अंदर 9 लोग जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आबिद निवासी उंचोद, आमीन निवासी निवालिया, आजम निवासी मोरटा, परवेज निवासी सुनेरा, अजहर निवासी टिटोड़ाखेड़ा, राजेंद्र निवासी आलरी, ज्ञानसिंह निवासी निटउली, देवीसिंह नायक निवासी गोपालपुरा तथा सुनील खाती निवासी बाईगांव बताए।
पुलिस ने मौके से जुआ सामग्री के साथ 63,600 रुपए नकद जब्त किए। जब्त सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सोनू जायसवाल, आरक्षक अंकित मुंडड़ा, यासिर मोहम्मद, दिनेश दांगी, देवराज दांगी, रवि वर्मा, आरक्षक चालक शिवपाल तथा महिला आरक्षक संगीता राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.