ढोल-डीजे और आतिशबाजी के साथ निकला शालिग्राम-तुलसी माता पूजन का भव्य जुलूस

शाजापुर : शाजापुर जिले के ग्राम तिंगजपुर में भगवान श्री शालिग्राम एवं तुलसी माता के विवाह समारोह की शुरुआत बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माता पूजन से हुई। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल नजर आया। ढोल-नगाड़ों, डीजे और आतिशबाजी के बीच भगवान शालिग्राम एवं तुलसी माता का भव्य जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और ग्रामीण शामिल हुए।

आयोजन के तहत तुलसी माता को धनगर मोहल्ले से ढोल-ढमाकों के साथ सजाकर लाया गया, वहीं भगवान श्री शालिग्राम को श्रीकृष्ण मंदिर से विधि-विधान के साथ आयोजन स्थल तक लाया गया। दोनों को अलग-अलग सुसज्जित वेदियों पर विराजित किया गया। इसके बाद भगवान शालिग्राम और तुलसी माता को एक साथ लेकर माता पूजन के लिए भव्य जुलूस निकाला गया।

जुलूस गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसमें श्रद्धालु ढोल और डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। आतिशबाजी से गांव का माहौल उत्सवमय हो गया। महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने घरों के सामने आकर्षक रंगोलियां बनाई थीं। जुलूस के पहुंचने पर जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भगवान शालिग्राम और तुलसी माता के दर्शन किए गए।

जुलूस के शीतला माता मंदिर पहुंचने पर पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता पूजन की रस्में संपन्न कराई गईं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शालिग्राम और तुलसी माता के विवाह से जुड़े सभी मांगलिक कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किए जा रहे हैं।

विवाह आयोजन के अगले चरण में बुधवार शाम 8 बजे गणेश पूजन के साथ हल्दी और मेहंदी सहित अन्य मांगलिक रस्में निभाई जाएंगी। वहीं देवउठनी एकादशी के अवसर पर 20 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन भगवान श्री शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह समारोह आयोजित होगा। इस दौरान बारात और जुलूस निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.