उत्सव भवन निर्माण को लेकर थाना दिवस में शिकायत, सचिव ने बताया- शासन से स्वीकृत है परियोजना
शाहजहांपुर : बंडा थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस में ग्राम लालपुर आजादपुर के ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 32 की भूमि पर प्रस्तावित पंचायत उत्सव भवन निर्माण का विरोध किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि उक्त भूमि पर वर्षों पुराना भगवान शिव का मंदिर, धर्मशाला, बरामदा, संतों की समाधियां तथा आम, पीपल, बरगद और सागौन के पुराने पेड़ मौजूद हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान से गांव के लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है और यहां वर्षों से पूजा-पाठ व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मंदिर परिसर और वहां मौजूद पुराने पेड़ों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
वहीं ग्राम पंचायत सचिव प्रतिपाल ने बताया कि पंचायत उत्सव भवन का निर्माण शासन से स्वीकृत परियोजना के तहत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये की इस परियोजना के लिए संबंधित लेखपाल द्वारा भूमि की पैमाइश और आवश्यक प्रमाणन किया गया है, जिसके बाद ही निर्माण की स्वीकृति मिली है। सचिव ने कहा कि यह कोई निजी निर्माण नहीं, बल्कि शासन की स्वीकृत सरकारी परियोजना है। उन्होंने कहा कि शिकायत करना लोगों का अधिकार है और प्रशासन का दायित्व नियमानुसार उसकी जांच कर जवाब देना है। उनके अनुसार निर्माण कार्य पूरी तरह शासन के निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कराया जा रहा है।
रिपोर्टर : रवि
No Previous Comments found.