शामली नगर पालिका बोर्ड बैठक में बड़ा फैसला - भवनकर व जलकर में राहत, वार्ड-23 की समस्याएं जोरदार तरीके से उठीं
शामली : नगर पालिका परिषद शामली के मीटिंग हॉल में शनिवार को बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए अहम प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आम जनता को राहत देते हुए भवनकर एवं जलकर की प्रस्तावित वृद्धि को लगभग 25 प्रतिशत तक कम करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया, जिससे अब शहरवासियों पर टैक्स का बोझ कुछ कम होगा।
बैठक के दौरान वार्ड-23 सहित पूरे शहर शामली की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
जुद्धा चौक पर सुरक्षा व्यवस्था
जुद्धा चौक स्थित चेयरमैन की बिल्डिंग के बाहर बनी दोनों पुलियाओं पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए क्रॉसिंग लगाए जाने तथा वहां पानी की टंकी स्थापित करने की मांग रखी गई।
टैक्स विभाग की प्रक्रिया पर सवाल
नगर पालिका टैक्स विभाग में नाम परिवर्तन के दौरान बैनामा देने के बावजूद शपथ पत्र मांगे जाने की आवश्यकता पर सवाल उठाते हुए प्रक्रिया को सरल करने की मांग की गई।
गणेश चौक से कूड़ा स्थल हटाने की मांग
गणेश चौक पर लगने वाले स्थायी कूड़ा ठिया को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ रखने का प्रस्ताव रखा गया।
डिवाइडरों की सफाई का मुद्दा
शहर के मुख्य मार्गों पर डिवाइडरों के दोनों ओर जमा हो रही अत्यधिक मिट्टी को तत्काल साफ कराने की मांग की गई।
धीमानपुरा श्मशान घाट के लिए बड़ी मांग
धीमानपुरा श्मशान घाट में आधुनिक सुविधा के तहत बिजली से संचालित शवदाह गृह बनवाने का प्रस्ताव रखा गया।
रामशाला मोहल्ला में ट्यूबवेल की आवश्यकता
गणेश चौक के पास रामशाला मोहल्ला में पेयजल समस्या को देखते हुए नए ट्यूबवेल की स्थापना को अत्यंत आवश्यक बताया गया।
बैठक में नगर विकास से जुड़े कई अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.