शामली में ब्यूटी पार्लरों की आड़ में ‘इलाज’ का खेल, महिलाओं से ठगी का आरोप

शामली :  जनपद में ब्यूटी पार्लरों की आड़ में स्किन और हेयर ट्रीटमेंट के नाम पर ठगी का संगठित खेल सामने आ रहा है। आरोप है कि कई पार्लर संचालक बिना किसी चिकित्सकीय योग्यता के महिलाओं को ‘इलाज’ का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ पार्लरों में महिलाओं को स्किन एलर्जी, पिंपल्स, बाल झड़ने और दाग-धब्बों का डर दिखाकर महंगे ट्रीटमेंट पैकेज बेचे जा रहे हैं। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की कम जागरूक महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिनसे हजारों रुपये तक की वसूली की जा रही है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इन तथाकथित ट्रीटमेंट्स में बिना लाइसेंस दवाइयों और केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे कई महिलाओं को त्वचा और बालों से जुड़ी गंभीर समस्याएं होने के मामले भी सामने आ चुके हैं।
इसके बावजूद, संबंधित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे इन पार्लरों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय लोगों और पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पार्लरों की तत्काल जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए महिलाओं से सतर्क रहने और किसी भी ट्रीटमेंट से पहले योग्य चिकित्सक से सलाह लेने की अपील की है।
अब सवाल यह है कि प्रशासन कब तक इस अवैध ‘इलाज’ के कारोबार पर शिकंजा कसता है और पीड़ितों को राहत दिलाता है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.