खुरगान प्वाइंट पर यमुना का हो रहा बेकाबू दोहन, अवैध खनन से प्रशासन कटघरे में

शामली : जनपद के तहसील क्षेत्र स्थित खुरगान प्वाइंट पर यमुना नदी का बेतहाशा दोहन लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर दिन-रात भारी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया निर्धारित सीमा और नियमों की खुली अवहेलना करते हुए नदी के बीच गहराई तक खुदाई कर रहे हैं। नियमानुसार जहां सीमित क्षेत्र और समय में ही खनन की अनुमति होती है, वहीं यहां रात के अंधेरे में भी मशीनों की आवाजें साफ सुनी जा सकती हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नदी के भीतर गहरे गड्ढे बना दिए गए हैं, जिससे प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो रहा है। पहले भी ऐसे गड्ढों के कारण हादसे हो चुके हैं, जिसके चलते क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पूर्व में प्रशासन द्वारा कुछ कार्रवाई जरूर की गई थी और मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल तक भी पहुंचा, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी।
अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यमुना के अस्तित्व पर ही गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगा पाएंगे या फिर यमुना का दोहन यूं ही जारी रहेगा?

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.