पुलिस का बड़ा एक्शन: 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

शामली - जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कांधला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खन्द्रावली गांव में युवक की हत्या के मामले में वांछित 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि 1 मई 2026 को खन्द्रावली बाग के पास एक युवक के घायल होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल आशु को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत सिर में गोली लगने से होना सामने आया। इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कांधला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 2 मई को एक आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी फरार चल रहा था, जिस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मंगलवार को कांधला-भभीसा मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। इस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहित उर्फ शंकर निवासी मोहल्ला गडरियान, थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 32 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.