खुरगान रेत खनन क्षेत्र में मारपीट मामले का आरोपी गिरफ्तार, बलकटी बरामद
कैराना : थाना क्षेत्र के गांव खुरगान स्थित रेत खनन क्षेत्र में कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में कैराना पुलिस ने वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बलकटी भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को खुरगान स्थित रेत की खान पर ट्रक लेकर पहुंचे कुछ लोगों का रेत के भुगतान को लेकर कर्मचारियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान आजम, तसव्वर तथा अन्य आरोपियों ने खान पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। मामले में वादी गौतम सिंह पुत्र राजबीर सिंह की तहरीर पर थाना कैराना में आस मोहम्मद सहित नौ नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के निर्देशन में थाना कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी आस मोहम्मद पुत्र महबूब निवासी खुरगान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बलकटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.