शामली में ट्रेन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
शामली : शामली के बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के आउटर पर गुरुवार देर रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से शामली आ रही पैसेंजर ट्रेन के बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के आउटर के पास पहुंचने पर युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन चालक और गार्ड ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर सुनील कश्यप (27 वर्ष) निवासी नई बस्ती, सिसौली, थाना भोराकला के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई सोनू ने बताया कि सुनील सोनीपत क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था और करीब आठ दिन पहले काम पर गया था। हादसे के समय वह कहां से लौट रहा था, इसकी जानकारी परिवार को भी नहीं है।
बताया गया कि सुनील की पत्नी का करीब तीन वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब उसकी मौत के बाद दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया है, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.