शामली नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल की बढ़ीं मुश्किलें

शामली : शामली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरविंद संगल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। नगर पालिका के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) अमिताभ वरुण द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में शुक्रवार को कैराना स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट कोर्ट) में उनके बयान दर्ज किए गए। अब मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को होगी।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2015 में तत्कालीन ईओ अमिताभ वरुण ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग को एक शिकायत पत्र भेजकर तत्कालीन पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर मामले की जांच तत्कालीन जिलाधिकारी भारत लाल पांडेय को सौंपी गई थी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई।
इसके बाद मामले की जांच तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वी.के. सिंह को सौंपी गई। उन्होंने भी पूर्व जांच रिपोर्ट को सही मानते हुए अमिताभ वरुण द्वारा लगाए गए आरोपों को उचित पाया।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के निर्देश पर अरविंद संगल के खिलाफ सदर कोतवाली शामली में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने तत्कालीन ईओ के साथ दुर्व्यवहार किया, मानसिक उत्पीड़न किया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
शुक्रवार को कोर्ट में अमिताभ वरुण के बयान दर्ज होने के बाद मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है। अब सभी की निगाहें 10 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.