शामली में मारपीट मामले में नया मोड़: दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज, पीड़ित पक्ष बोला- समझौते का दबाव बनाने के लिए हुई कार्रवाई

शामली : सदर कोतवाली क्षेत्र में 4 जुलाई को हुई मारपीट की घटना में नया मोड़ सामने आया है। मामले में पहले एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 4 जुलाई की रात करीब 10 बजे गणेश चौक स्थित रामसोला मोहल्ले में रोहित गोयल का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बलेश पुत्र पवन सिंह और उनके बेटे शिवम के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले में बलेश की एक उंगली काट दी गई, जबकि उनके बेटे शिवम के हाथ और मुंह पर काटकर गंभीर चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद बलेश ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, जिसके आधार पर पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कुछ आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की थी।
अब घटना के करीब आठ दिन बाद दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मुकदमे में बलेश, उनके दोनों पुत्रों और रोहित गोयल को नामजद किया गया है।
दूसरे मुकदमे के बाद बलेश पक्ष ने आरोप लगाया है कि उन पर मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई कराई गई है। उनका कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था और वह केवल रोहित गोयल का बीच-बचाव करने पहुंचे थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च अधिकारियों से मिलने की बात कही है।
वहीं सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.