शामली पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
शामली : मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण व पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन-181, महिला पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, आपातकालीन सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न पुलिस सेवाओं, ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं नागरिक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम एवं लिंक फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। शामली पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान का वातावरण विकसित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने का संदेश भी दिया गया।
शामली पुलिस सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। जनपद शामली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.