मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत शिवहर में अब तक नहीं बन सका आउटडोर स्टेडियम

शिवहर : मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में एक आउटडोर स्टेडियम निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन शिवहर जिले में वर्षों बाद भी यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। 

आरटीआई कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र द्वारा लगाएं गए सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी में इसका खुलासा हुआ है।

आरटीआई के जवाब में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार ने बताया है कि शिवहर जिले के विभिन्न प्रखंडों में आउटडोर स्टेडियम निर्माण के लिए कई बार प्रशासनिक स्वीकृति दी गई, लेकिन भूमि संबंधी समस्याओं के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

विभागीय जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 में पुरनहिया प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, किंतु उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद वर्ष 2017 में तरियानी प्रखंड के लिए भी स्वीकृति दी गई, लेकिन वहां भी भूमि विवाद एवं उपलब्धता की समस्या के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया।

आरटीआई से यह भी जानकारी मिली है कि विभाग द्वारा 4 जनवरी 2024 को शिवहर, पिपराही एवं डुमरी कटसरी प्रखंडों में आउटडोर स्टेडियम निर्माण हेतु प्रस्ताव मांगा गया था। हालांकि अब तक मानक के अनुरूप भूमि का प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों के अनुरूप भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि खेल सुविधाओं के अभाव में जिले के खिलाड़ियों को खेलने, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वर्षों से लंबित आउटडोर स्टेडियम निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। 

स्थानीय खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का कहना है कि जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को इस दिशा में गंभीर पहल करनी चाहिए, ताकि शिवहर के खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल अवसंरचना उपलब्ध हो सके।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.