संभावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर शिवहर पुलिस अलर्ट, एसपी शैलेन्द्र सिंह ने जवानों को किया ब्रीफ
शिवहर : जिले में शुक्रवार को संभावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को ब्रीफ करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन, संयम एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी एवं विधिसम्मत तरीके से निपटा जाए तथा आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.