आंधी-तूफान का तांडव: जिले में भारी तबाही, शिवहर में थाना रोड हुआ जलमग्न

शिवहर : शिवहर जिले में सोमवार को आए भीषण आंधी-तूफान और झमाझम बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा नुकसान तरियानी प्रखंड क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां प्रकृति के इस कहर ने भारी तबाही मचाई है।तरियानी प्रखंड के विभिन्न गांवों में तेज रफ्तार हवाओं के कारण दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई घरों के छप्पर और एस्बेस्टस उड़ जाने से लोग खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। तूफान की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए और तार टूटकर बिखर गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली सेवा पूरी तरह ठप हो गई है।उधर, जिला मुख्यालय स्थित शिवहर थाना रोड में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। मूसलाधार बारिश के बाद थाना रोड पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है।बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन नुकसान का जायजा लेने में जुटा है। हालांकि, बिजली आपूर्ति कब तक बहाल होगी, इस पर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। क्षेत्र में इस प्राकृतिक आपदा के बाद अफरा-तफरी का माहौल है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.