मीनापुर बलहा एवं चमनपुर में खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम

शिवहर : कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर एवं आत्मा, शिवहर के संयुक्त तत्वावधान में खरीफ मौसम 2026 को ध्यान में रखते हुए ‘खेत बचाओ अभियान’ सह खरीफ अभियान का आयोजन पिपराही प्रखंड के मीनापुर बलहा गांव तथा शिवहर प्रखंड के चमनपुर गांव में किया गया।

 कार्यक्रम में 150 से अधिक किसानों ने भाग लेकर खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकों, जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनुराधा रंजन कुमारी ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। ऐसी परिस्थिति में किसानों को धान की सीधी बुआई तकनीक अपनाने तथा कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों जैसे राजेंद्र सरस्वती, राजेंद्र श्वेता आदि का चयन करने की सलाह दी गई।

 उन्होंने नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि धान की रोपाई से पूर्व पौधों की जड़ों को नैनो डीएपी घोल में डुबोकर लगाने से उर्वरक की बचत होती है तथा पौधों की वृद्धि बेहतर होती है। उद्यान वैज्ञानिक डॉ. संचिता घोष ने किसानों को डीएसआर में खरपतवार प्रबंधन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी तथा खरपतवारनाशियों के उचित समय एवं अनुशंसित मात्रा के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने जैविक खेती, एजोला उत्पादन एवं उसके कृषि एवं पशुपालन में उपयोग, तथा पोषण सुरक्षा में इसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

 वैज्ञानिक डॉ. एन. एम. एच. एनलिंग ने संतुलित आहार, कुपोषण निवारण तथा प्रत्येक परिवार में पोषण वाटिका विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि पोषण वाटिका से परिवारों को वर्षभर ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध हो सकती हैं। कार्यक्रम में एटीएम सचिन कुमार एवं दीपक कुमार ने किसान रजिस्ट्री अभियान के महत्व को समझाते हुए किसानों से समय पर अपना पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने खरीफ मौसम के लिए उपलब्ध स्वर्णा पूर्वी धान बीज की विशेषताओं एवं इसकी सूखा सहनशीलता के बारे में भी जानकारी दी।

अंत में किसानों ने अभियान की सराहना करते हुए वैज्ञानिकों से खरीफ मौसम में निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

रिपोर्टर :  संजय गुप्ता

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.