कट्या बांध–शिवहर इंजीनियरिंग कॉलेज सड़क निर्माण कार्य में लाए तेजी

शिवहर : युवा समाजसेवी अंजीव कुमार ने कट्या बांध से शिवहर इंजीनियरिंग कॉलेज तक निर्माणाधीन सड़क की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कार्य प्रारंभ हुए 11 माह 22 दिन बीत चुके हैं, लेकिन आज भी सड़क का निर्माण अधूरा है। 

निर्माण कार्य में हो रही अनावश्यक देरी के कारण क्षेत्र की जनता को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पकड़ी बांध से छतौना चौक तक सड़क का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया गया है, जिसकी वे सराहना करते हैं। लेकिन कट्या बांध से पकड़ी बांध तथा छतौना चौक से शिवहर इंजीनियरिंग कॉलेज तक का महत्वपूर्ण हिस्सा अब भी अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य की धीमी गति से लोगों में निराशा और नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

अंजीव कुमार ने कहा कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या गंभीर हो जाती है। इससे दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी परेशानी होती है। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि इस सड़क की बदहाल स्थिति का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। पिपराही उपस्वास्थ्य केंद्र तक मरीजों को पहुंचाने में कठिनाई होती है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस के संचालन में भी बाधा आती है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में विलंब होता है।

उन्होंने बताया कि यह सड़क जिला मुख्यालय को शिवहर इंजीनियरिंग कॉलेज से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी, किसान, व्यापारी तथा आसपास के गांवों के लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य में हो रही देरी चिंता का विषय है।

अंजीव कुमार ने संबंधित विभाग, निर्माण एजेंसी एवं जिला प्रशासन से मांग की कि शेष सड़क निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए तथा इसे युद्धस्तर पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण कार्य को पूर्ण होते देखना चाहती है। यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य की गति में सुधार नहीं हुआ, तो क्षेत्र की जनता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।

 रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.